न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
आम नागरिकों की समस्याओं एवं विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से बेगूसराय जिले में “सहयोग शिविर” का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 30 जून 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों की कुल 24 ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए।
प्रत्येक शिविर की अध्यक्षता जिले के नामित वरीय पदाधिकारियों द्वारा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में आमजनों की शिकायतें एवं मांग संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए।
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने बरौनी प्रखंड की नूरपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी पात्र मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को उनके गांव तक पहुंचाना है।

उप विकास आयुक्त द्वारा बलिया प्रखंड के बरियारपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया गया। उन्होंने भी ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया तथा शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।

जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अब तक इन 24 ग्राम पंचायतों से कुल 1,598 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,200 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 398 आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक प्राप्त शिकायत एवं मांग का अधिकतम 10 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी सहयोग शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है। नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों से अब तक कुल 1,286 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,191 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों का भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।



