Tue. Jun 30th, 2026

इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी ने स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में हासिल की एक और उपलब्धि

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय जिले के बरौनी रिफाइनरी ने अपने सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) अभियान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि स्थापित करते हुए 25 जून 2026 को बीआर-09 परियोजना के अंतर्गत एसआरआर-01 का 210 किलोवाट पीक (KWp) रूफटॉप सोलर पीवी सिस्टम सफलतापूर्वक चालू कर दिया है।

210 किलोवाट पीक रूफटॉप सोलर पीवी सिस्टम का उद्घाटन श्री सत्य प्रकाश, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, बरौनी रिफाइनरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) श्री संजय रायजादा, मुख्य महाप्रबंधक ( कोर ग्रुप ) श्री राजू मशाहारी, मुख्य महाप्रबंधक ( कोर ग्रुप), रिफ़ाइनरीज़ मुख्यालय, श्री पीयूष डुंगराकोटी, महाप्रबंधक (परियोजना) रिफ़ाइनरीज़ मुख्यालय, श्री अजय सिंह, साथ ही PMC (M/s Toyo), LSTK ठेकेदार (M/s ISGEC) के प्रतिनिधि तथा इंडियनऑयल परियोजना एवं कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।


इस नई स्थापना के साथ, बरौनी रिफाइनरी की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 2.71 मेगावाट से बढ़कर 2.92 मेगावाट हो गई है, जो इंडियनऑयल की स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।
इसके पूर्व, बरौनी रिफाइनरी ने 25 अप्रैल 2026 को सबस्टेशन-44 पर 140 किलोवाट पीक (kWp) रूफटॉप सोलर पीवी सिस्टम का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया था, जिसके परिणामस्वरूप रिफाइनरी की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 2.57 मेगावाट से बढ़कर 2.71 मेगावाट हो गई थी।

इस परियोजना का आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रभाव अत्यंत उल्लेखनीय है। इससे प्रतिवर्ष लगभग 30 लाख रुपये की ऊर्जा बचत होने का अनुमान है। साथ ही, यह पहल प्रति वर्ष लगभग 1.57 लाख किलोग्राम CO₂ उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

यह उपलब्धि बीआर-09 परियोजना के अंतर्गत चौथे रूफटॉप सोलर पीवी सिस्टम के सफल कमीशनिंग को दर्शाती है। नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ यह उपलब्धि बरौनी रिफाइनरी की संचालन उत्कृष्टता, पर्यावरणीय संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है, जो इंडियनऑयल के नेट-जीरो लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अर्पिता पटेल, कॉर्पोरेट संचार अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed