बेगूसराय। जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय में शहरी गैस वितरण नीति, 2026 के तहत जिले में PNG गैस कनेक्शन एवं गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में थिंक गैस एवं CGDMCC के प्रतिनिधियों ने स्टील नेटवर्क, MDPE नेटवर्क और PNG कनेक्शन की प्रगति की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक मात्र 6,177 PNG कनेक्शन लाइव किए जा सके हैं। लक्ष्य की तुलना में प्रगति कम पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए थिंक गैस को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने पर्याप्त संख्या में ठेकेदारों एवं प्रशिक्षित मजदूरों को कार्य में लगाने तथा निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशिक्षित मजदूरों की उपलब्धता में समस्या होने पर जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग करेगा।
पांच क्षेत्र LPG फ्री जोन घोषित
बैठक में बताया गया कि सितंबर 2026 तक जिले के पांच क्षेत्रों को LPG फ्री जोन घोषित किया गया है। इनमें ऑयल इंडिया लिमिटेड एरिया, ललिता सागर नागदह, आदर्श नगर उलाव, न्यू कॉलोनी उलाव और निराला नगर रतनपुर शामिल हैं।
अक्टूबर 2026 में ललित नगर रतनपुर, थाना एरिया रतनपुर, अर्चना विहार वार्ड-29 बाघा, वार्ड-29 बाघा तथा वार्ड-24 संतनगर ईस्ट बाघा समेत पांच अन्य क्षेत्रों को LPG मुक्त क्षेत्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
सड़क कटाई को लेकर भी सख्त निर्देश
डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह पांच क्षेत्रों को चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए काम शुरू किया जाए। एक क्षेत्र में सड़क कटाई और पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा करने के बाद ही दूसरे क्षेत्र में सड़क की खुदाई शुरू की जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और सड़कों को जल्द सामान्य किया जा सके।
सरकारी विद्यालयों, जीविका केंद्रों, अस्पतालों एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर PNG पाइपलाइन से जोड़ने का भी निर्देश दिया गया।
तकनीकी या प्रशासनिक समस्या के त्वरित समाधान के लिए CGDMCC के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से जानकारी साझा करने को कहा गया। साथ ही अगली समीक्षा बैठक में थिंक गैस के सभी संबंधित ठेकेदारों की उपस्थिति अनिवार्य करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, नगर आयुक्त श्री सोमेश बहादुर माथुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम सहित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।