Sat. Nov 7th, 2026

धनतेरस, दीपावली और छठ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, घाटों पर मेडिकल टीम रहेगी तैनात

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। आगामी धनतेरस, दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने छठ पर्व के मद्देनजर जिले के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त बैरिकेडिंग और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।

गली-मोहल्लों और आवासीय क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस गश्ती

बैठक में डीएम ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को छोड़कर बाहर चले जाते हैं। ऐसे में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए पुलिस पदाधिकारी गली-मोहल्लों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें, ताकि लोगों की सुरक्षा बनी रहे।

वाहन जांच और ट्रिपल राइडिंग पर सख्ती

पुलिस अधीक्षक श्री मनीष ने पर्व के दौरान वाहन जांच अभियान में तेजी लाने और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पुलिस उपाधीक्षकों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्ती बढ़ाने को कहा। बाहर से आने वाले यात्रियों एवं प्रवासियों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।

बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री पर होगी कार्रवाई

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, बलिया ने बताया कि धनतेरस एवं दीपावली के मद्देनजर पटाखा दुकानों की जांच की जा रही है। दुकानदारों के लाइसेंस और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

कंटेनर के गुप्त तहखाने से 1605 लीटर विदेशी शराब बरामद

बैठक में मद्य निषेध अधीक्षक ने अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर एक छह चक्का कंटेनर की जांच की गई। इस दौरान कंटेनर में बनाए गए गुप्त तहखाने से 180 कार्टून में रखी कुल 1,605.600 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष, अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, मद्य निषेध अधीक्षक, वरीय उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।

अंत में जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed