न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ डीएम रिची पांडेय के निर्देश पर वरीय पदाधिकारियों और तकनीकी अभियंताओं की संयुक्त टीम कर रही स्थलीय निरीक्षण
बेगूसराय। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की स्थिति सुधारने और आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग के अनुरक्षणाधीन सड़कों की सघन जांच शुरू की गई है। जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय के निर्देश पर जिले के सभी 18 प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों एवं तकनीकी अभियंताओं की संयुक्त टीम सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर रही है।

इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न कार्य प्रमंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 552 ग्रामीण पथों की भौतिक स्थिति और गुणवत्ता का आकलन किया जा रहा है। निरीक्षण में संबंधित प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता शामिल हैं।
प्रखंडवार निरीक्षण के तहत बरौनी में 22, बेगूसराय में 42, वीरपुर में 20, मटिहानी में 31, बछवाड़ा में 44, भगवानपुर में 48, मंसूरचक में 34, तेघड़ा में 31, बलिया में 20, डंडारी में 11, साहेबपुर कमाल में 26, शाम्हो अकहा कुरहा में 5, बखरी में 33, चेरिया बरियारपुर में 43, छौड़ाही में 29, गढ़पुरा में 27, खोदावंदपुर में 49 तथा नावकोठी में 37 सड़कों की जांच की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान सड़क की वर्तमान स्थिति, निर्माण एवं अनुरक्षण की गुणवत्ता, आवागमन की सुविधा तथा मरम्मती और तकनीकी सुधार की आवश्यकता का आकलन किया जा रहा है। इसके आधार पर निर्धारित प्रपत्र में विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया है। सभी जांच प्रतिवेदन 6 नवंबर 2026 तक समर्पित करने होंगे।

निरीक्षण कार्य में समन्वय के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।


