Tue. Jun 30th, 2026

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल, बेगूसराय में “बेटी जन्मोत्सव सह कन्या रत्न सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पिछले पाँच दिनों के दौरान जन्मी 10 नवजात बेटियों को “कन्या रत्न” के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रश्मि कुमारी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी ने नवजात बेटियों की माताओं को शुभकामनाएं देते हुए बेबी केयर किट भेंट की तथा बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

समारोह के दौरान उपस्थित माताओं एवं उनके परिजनों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। उन्हें वन स्टॉप सेंटर (OSC), जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW), महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों एवं लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक वीणा कुमारी ने कहा कि बेटियों के जन्म को सम्मान और उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा समाज में लैंगिक समानता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के अंतर्गत “बेटी है अनमोल” का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे लोगों में बेटियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बढ़ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लगातार चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम जिले के लिंगानुपात में भी देखने को मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में स्वीटी कुमारी (मनो-सामाजिक परामर्शी, वन स्टॉप सेंटर), मिली कुमारी (डीएचईडब्ल्यू), रेणु कुमारी, सदर अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर सभी लाभार्थी माताओं एवं परिजनों ने अपनी बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने तथा उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed