Fri. Jun 26th, 2026

“नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र किया प्रदान

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी थे।

इस अवसर पर 17 जून से 26 जून, 2026 तक जिलेभर में आयोजित “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सप्ताह के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता, “रन फॉर नशा मुक्त भारत” मैराथन, ताइक्वांडो एवं कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में बिहट की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन एवं बच्चों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कबड्डी कोच सुश्री श्वेता कुमारी एवं गौरी कुमारी, चित्रकला प्रशिक्षक श्री मनीष कौशिक एवं श्री इंद्र मोहन प्रसाद, ताइक्वांडो कोच श्री मणिकांत तथा शारीरिक शिक्षक श्री विश्वजीत कुमार को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी बच्चों एवं उपस्थित नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, समाज एवं समुदाय को नशा मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण का जन-आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई तथा समापन बिहार गीत के साथ किया गया। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसमें छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई रचनात्मक कलाकृतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग बेगूसराय सुश्री नेहा कुमारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती रश्मि कुमारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण  श्री अभिजीत सोनम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम साहनी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अंकुल चंद्र राय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed