न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में 28 जून को आयोजित होने वाले प्रथम “पंचायत विकास दिवस” की तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में 28 जून, 2026 को आयोजित होने वाले प्रथम पंचायत विकास दिवस का विषय (थीम) “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” निर्धारित किया गया है।
पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में ग्राम सभा के सभी सदस्य भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की संचालित योजनाओं एवं आगामी विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही, स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों की चयनित थीमों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा एवं महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।


