न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
औद्योगिक सुरक्षा और क्षेत्रीय मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, बरौनी रिफाइनरी, एनटीपीसी बाढ़ एवं एनटीपीसी बरौनी ने साथ मिलकर 24 जून 2026 को औपचारिक रूप से ‘म्यूचुअल एड स्कीम’ (आपसी सहायता योजना) पर हस्ताक्षर किए। यह ऐतिहासिक समझौता औद्योगिक इकाइयों के बीच सहयोग की भावना को मजबूत करेगा और सामूहिक आपातकालीन तैयारी के लिए एक ठोस आधारशीला साबित होगी।

इस ‘म्यूचुअल एड स्कीम’ को औपचारिक रूप से बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश और एनटीपीसी बाढ़ के कार्यकारी निदेशक व प्लांट प्रमुख श्री सी. सत्य राम कृष्ण ने लागू किया। एनटीपीसी बरौनी का प्रतिनिधित्व सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा), श्री बी. एन. गुप्ता ने एनटीपीसी बरौनी के प्लांट प्रमुख श्री जॉयदीप घोष की अनुपस्थिति में किया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) श्री एस के सरकार, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) श्री हंसराज गनवीर, महाप्रबंधक (एचएसई एवं पीएसएम), श्री आलोक कुमार गुप्ता तथा महाप्रबंधक (विद्युत एवं उपयोगिता, यांत्रिक) श्री एस. एम. हेरलेकर सहित एचएसई और फायर एंड सेफ्टी टीमों के सदस्य भी मौजूद थे।

यह साझेदारी आपातकालीन स्थितियों के दौरान प्रभावी तालमेल, तेज़ संचार और ज़रूरी संसाधनों के बेहतर साझाकरण के लिए एक व्यवस्थित ढांचा तैयार करती है। औद्योगिक क्षमताओं को मिलाकर और प्रतिक्रिया तंत्र (रिस्पॉन्स मैकेनिज्म) को एक-दूसरे के अनुरूप बनाकर, किसी भी औद्योगिक या आपदा-संबंधी आपात स्थिति में त्वरित और अच्छी तरह से समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।


