Wed. Jul 15th, 2026

बिहार में 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ

न्यूज़ डेस्क, विजय कुमार सिंह।।

बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत आज बुधवार, 15 जुलाई को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार ने भागलपुर से रिमोट के माध्यम से राज्य के कुल 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ किया।

इसी क्रम में बेगूसराय जिले के अंतर्गत स्थापित 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उत्क्रमित +2 माध्यमिक विद्यालय, महाजी (मटिहानी) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, माननीय विधान पार्षद श्री सर्वेश कुमार सिंह, माननीय पूर्व सांसद श्री शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिले में 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों के संचालन से विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है तथा नए महाविद्यालय युवाओं के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ जिले के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा उच्च शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed