न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ लोकगीत, नृत्य, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक समेत विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रतिभागी हुए सम्मानित
बेगूसराय। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आर्ट गैलरी (प्रेक्षागृह), बेगूसराय में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का समापन बुधवार, 29 अक्टूबर को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। 28 एवं 29 अक्टूबर को आयोजित इस उत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थाओं से जुड़े 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए किया गया है, जहां वे बेगूसराय जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
युवा उत्सव के दौरान लोकगीत, समूह लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, कहानी लेखन, फोटोग्राफी, मूर्तिकला, हस्तशिल्प, आशु भाषण, सुगम संगीत, शास्त्रीय नृत्य एवं वादन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मक सोच से उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। दर्शकों ने तालियों के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को और मनोरंजक बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से मैजिक शो का आयोजन किया गया। जादूगर की हैरतअंगेज प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने गीत-संगीत और शेरो-शायरी से सुसज्जित प्रभावशाली मंच संचालन के जरिए पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अवधेश कुमार, अरविंद सिन्हा एवं गणेश गौरव ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि वादन विधा में दिनेश पाल, अशोक पासवान एवं गौरी शंकर मिश्र निर्णायक रहे।
युवाओं को मंच प्रदान करना उत्सव का उद्देश्य
कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने कहा कि युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस तरह के आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। साथ ही, प्रतिभाशाली युवाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
समापन समारोह में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम
समूह लोक नृत्य: साक्षी डांस क्लास ने प्रथम, सुलोचना सामाजिक संस्थान ने द्वितीय तथा तरुणी तारण नाट्य समिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला: अंशु कुमार प्रथम, खुशबू कुमारी द्वितीय तथा अर्णव चौहान एवं सुप्रिया तृतीय स्थान पर रहे।
नुक्कड़ नाटक: ऋषि एंड ग्रुप ने प्रथम, गंगा ग्लोबल बीएड कॉलेज एंड ग्रुप ने द्वितीय तथा तरुणी तारण एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समूह लोक गायन: आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र प्रथम, निशु ग्रुप, बीहट द्वितीय तथा उच्च विद्यालय, पपरौर की टीम तृतीय स्थान पर रही।
एकल लोकगीत: प्रिया कुमारी ने प्रथम, लालो बिहारी ने द्वितीय तथा कशिश कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सुगम संगीत: सत्यम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फोटोग्राफी: श्रीराम प्रथम तथा अमित कुमार सहनी द्वितीय स्थान पर रहे।
मूर्तिकला: रिशु प्रथम, भोला कुमार द्वितीय तथा मौसम कुमारी एवं शिवम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
हस्तशिल्प: कृष्णकांत ने प्रथम, करण कुमार ने द्वितीय तथा रकीबा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कविता लेखन: मनीष कुमार प्रथम, वेद प्रकाश द्वितीय तथा मौसम कुमारी तृतीय स्थान पर रहे।
कहानी लेखन: सुमन कुमार ने प्रथम, अभिनव आनंद ने द्वितीय तथा ऋषभ कुमार राय ने तृतीय स्थान हासिल किया।
आशु भाषण: निशु कुमारी प्रथम, हर्ष राज द्वितीय तथा आंचल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
तबला वादन: आयुष राज ने प्रथम, वेदांत कुमार ने द्वितीय तथा अतुल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बांसुरी वादन: दिव्यम तेजस ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शास्त्रीय नृत्य: निशु कुमारी प्रथम तथा अदिति प्रिया द्वितीय स्थान पर रहीं।


