न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ 15 से 29 वर्ष के प्रतिभागियों को मिला कला प्रदर्शन का मंच, उत्कृष्ट कलाकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
बेगूसराय। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आर्ट गैलरी (प्रेक्षागृह), बेगूसराय में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पांडेय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति से हुई।

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने आगंतुक अधिकारियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। ईशा एवं उनकी टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों और दर्शकों का अभिनंदन किया।
युवाओं की प्रतिभा को मंच देना युवा उत्सव का उद्देश्य : डीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं की कलात्मक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। कला एवं संस्कृति मानव के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। इस तरह के आयोजनों से व्यक्ति के साथ-साथ समाज भी सुसंस्कृत बनता है।
उन्होंने कहा कि बेगूसराय की धरती कला और साहित्य के क्षेत्र में काफी उर्वर रही है। यह राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि है। भारत विश्व के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवाओं के कंधों पर ही देश का भविष्य टिका है। युवाओं को अपनी सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करना चाहिए। इसके साथ ही अपने लक्ष्य का निर्धारण कर उस पर पूरी एकाग्रता के साथ काम करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने युवाओं को आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा दी तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयन के लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं भी दीं।

पढ़ाई के साथ कला-साहित्य भी जरूरी : डीडीसी
उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने कहा कि मानव के सर्वांगीण विकास में कला एवं साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला के क्षेत्र में भविष्य बनाने का अवसर मिलता है।
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने प्रतिभागियों के उत्साह एवं सृजनशीलता की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
विभिन्न विधाओं में हो रही प्रतियोगिताएं
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी ने बताया कि युवा उत्सव में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली युवा भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक विधाओं के अंतर्गत समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। दृश्य कला के अंतर्गत चित्रकला, मूर्तिकला एवं फोटोग्राफी तथा साहित्यिक विधाओं में कविता लेखन, कहानी लेखन और वक्तृता यानी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन की प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाएंगी, जबकि अन्य विधाओं की प्रतियोगिताएं जिला स्तर तक सीमित रहेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।


