बेगूसराय जिले के इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ विविध कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस वर्ष का विषय “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” है, जिसके माध्यम से संगठन और समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नैतिक आचरण के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया जा रहा है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) श्री एस. के. सरकार, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) श्री हंसराज गणवीर, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) श्री ए. पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (कोर ग्रुप) श्री राजू माशाहारी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) श्री पी. आर. पराते, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट, ऑफिसर्स ऐसोशिएशन एवं बीटीएमयू के प्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्य तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा (Integrity Pledge) के साथ हुआ, जिसका वाचन श्री सत्य प्रकाश ने कराया। इसके उपरांत इंडियनऑयल के अध्यक्ष, निदेशक (रिफाइनरीज) तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेशों का वाचन क्रमशः श्री एस. के. सरकार, श्री हंसराज गणवीर एवं श्री राजू माशाहारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर श्री पी. के. दास, महाप्रबंधक (सतर्कता) ने 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। सप्ताह भर के दौरान निबंध लेखन, नारालेखन, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन, विशेष व्याख्यान एवं कार्यशालाओं सहित अनेक गतिविधियों का आयोजन कर्मचारियों ,उनके आश्रितों, केवी एवं बीआर डीएवी के छात्रों के लिए किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य कर्मचारियों एवं समाज में नैतिकता, सत्यनिष्ठा और सुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उद्घाटन समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘विजिलेंस रथ’ का शुभारंभ रहा। श्री सत्य प्रकाश ने रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ रिफाइनरी टाउनशिप एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करेगा।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत इसी दिन “नैतिकता, सत्यनिष्ठा, सुशासन एवं चरित्र निर्माण” विषय पर एक विशेष प्रेरणादायी सत्र का भी आयोजन किया गया। इस सत्र के मुख्य वक्ता श्री शैलेश कुमार सिन्हा, भारतीय पुलिस सेवा (IPS), पुलिस उपमहानिरीक्षक, बेगूसराय थे। कार्यक्रम का नेतृत्व श्री सत्य प्रकाश ने किया तथा वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने बड़ी संख्या में इसमें सहभागिता की।
अपने संबोधन में श्री सत्य प्रकाश ने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे मुख्य वक्ता के व्यापक प्रशासनिक अनुभवों से अधिकतम सीख प्राप्त करें तथा अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में सत्यनिष्ठा को आत्मसात करें।
अपने व्याख्यान में श्री शैलेश कुमार सिन्हा ने सरल किंतु प्रभावशाली उदाहरणों के माध्यम से नैतिकता, सत्यनिष्ठा, चरित्र निर्माण और सुशासन के बीच के गहरे संबंध को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति बिना किसी बाहरी निगरानी के अपने अंतर्मन की प्रेरणा से सही आचरण अपनाता है, तो नैतिकता सत्यनिष्ठा का रूप लेती है। यही सत्यनिष्ठा व्यक्ति के चरित्र का निर्माण करती है और जब ऐसे चरित्रवान लोग शासन एवं प्रशासन में अपनी भूमिका निभाते हैं, तभी वास्तविक अर्थों में सुशासन स्थापित होता है तथा राष्ट्र निर्माण का उद्देश्य पूर्ण होता है।
उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर पारदर्शिता, ईमानदारी तथा उत्तरदायित्व के उच्चतम मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि मजबूत नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्य-संस्कृति ही किसी संस्था को दीर्घकालिक सफलता और समाज का विश्वास दिला सकती है।
सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विषय पर गहन रुचि दिखाई तथा वक्ता के विचारों को अत्यंत प्रेरक, व्यवहारिक और समकालीन बताया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्घाटन अवसर पर आयोजित ये सभी गतिविधियां बरौनी रिफाइनरी की सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और सुशासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं तथा एक उत्तरदायी और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। अर्पिता पटेल, कॉर्पोरेट संचार अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।