Tue. Oct 27th, 2026

बेगूसराय: बूढ़ी गंडक में डूबने से युवक की मौत, पुलिस द्वारा खदेड़े जाने की खबर को परिजनों ने बताया भ्रामक

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर गांव, वार्ड संख्या-02 निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ धर्मवीर कुमार उर्फ धारो की बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से हुई मौत के मामले में नया तथ्य सामने आया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, युवक की मौत पुलिसकर्मियों द्वारा खदेड़े जाने के कारण होने संबंधी खबरों को मृतक के परिजनों ने गलत और भ्रामक बताया है।

मवेशियों की साफ-सफाई के दौरान हुआ हादसा

प्रशासन के अनुसार, मृतक का डेरा बूढ़ी गंडक नदी के बांध के किनारे स्थित है। 25 अक्टूबर 2026 को वह नदी के समीप अपने मवेशियों की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चले गए, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई।

 एसडीओ ने की मामले की जांच

मामले की जांच अनुमंडल पदाधिकारी, बलिया द्वारा की गई। इस दौरान मृतक के परिजनों, उनके बड़े भाई दिलखुश यादव, चचेरे भाई गुड्डू कुमार तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच के क्रम में परिजनों ने पुलिसकर्मियों द्वारा खदेड़े जाने के कारण युवक की मौत होने संबंधी खबरों को सिरे से खारिज किया और उन्हें गलत एवं भ्रामक बताया।

 यूडी कांड दर्ज, आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी

घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने डंडारी थाना में लिखित आवेदन दिया है। इसके आधार पर 26 अक्टूबर 2026 को अप्राकृतिक मृत्यु से संबंधित यूडी कांड संख्या 05/26 दर्ज किया गया है। प्रशासन के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

 प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि संवेदनशील घटनाओं से संबंधित समाचार प्रसारित करने से पहले आधिकारिक स्तर पर तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें। प्रशासन ने अपुष्ट सूचनाओं और भ्रामक अफवाहों के प्रसार से बचने की अपील करते हुए कहा है कि इससे अनावश्यक भ्रम और सामाजिक अशांति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed