न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ 1 से 3 नवंबर तक माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, उलाव में होगा राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन
बेगूसराय। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बेगूसराय जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित बाल वैज्ञानिकों से गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी चयनित बाल वैज्ञानिकों को सम्मानित करते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन 12 सितंबर 2026 को बीपी इंटर स्कूल, बेगूसराय में किया गया था। इस प्रतियोगिता में चयनित 10 बाल वैज्ञानिक अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन 1 से 3 नवंबर 2026 तक माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, उलाव, बेगूसराय में निर्धारित है।

इस अवसर पर तृप्ति कुमारी, मध्य विद्यालय लखनपट्टी; सलोनी कुमारी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय करुणापार; माही कुमारी, मध्य विद्यालय बीहट; श्लोक सिंह, बीआरडीएबी, बेगूसराय; रूही कुमारी, बीपी इंटर स्कूल, बेगूसराय; काव्य मस्करा, माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, बेगूसराय; सोनाक्षी राज एवं आराध्या चौधरी, उड़ान इंटरनेशनल स्कूल, बेगूसराय सहित अन्य बाल वैज्ञानिक उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों के साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को भी सम्मानित किया।
बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना उद्देश्य
बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से किया जाता है। इसमें 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग लेते हैं। इस मंच के माध्यम से बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं की पहचान करने, उनका वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन करने तथा उनके समाधान के लिए नवीन विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

चौथी बार बेगूसराय में होगा राज्य स्तरीय आयोजन
बेगूसराय जिले के लिए यह गौरव की बात है कि चौथी बार राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन जिले में किया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित बाल वैज्ञानिक अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। उनसे बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई गई।


