Mon. Jul 6th, 2026

रिफाइनरी टाउनशिप में “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क” का हुआ नामकरण एवं उद्घाटन

 न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, महान शिक्षाविद् एवं राष्ट्र की अखंडता के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर बेगूसराय के रिफाइनरी टाउनशिप के मुख्य द्वार पर अवस्थित पार्क का नामकरण एवं उद्घाटन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्क का नामकरण “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क” के रूप में किया गया तथा इसका विधिवत उद्घाटन किया गया साथ ही साथ वृक्षारोपण भी किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद श्री गिरिराज सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ बेगूसराय विधायक श्री कुंदन कुमार,बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता,बेगूसराय नगर निगम की महापौर श्रीमती पिंकी देवी, उप महापौर श्री अनित राय, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री राजीव वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उनके राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के प्रति दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद की सशक्त विचारधारा के प्रतीक थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के नाम पर इस पार्क का नामकरण नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और विचारों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
बेगूसराय विधायक श्री कुंदन कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए जो संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में सदैव अंकित रहेगा।


महापौर श्रीमती पिंकी देवी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। वहीं, उप महापौर श्री अनित राय ने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजीव वर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जो बलिदान दिया, वह सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि उनकी 125वीं जयंती वर्ष पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पार्क परिसर का अवलोकन किया तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

बेगूसराय भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भी पुष्पांजलि किया गया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उनके नाम से पार्क का नामकरण एवं उद्घाटन न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों से प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है।

इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मिर्तुंजय वीरेश,जिला उपाध्यक्ष सुमित सन्नी,जिला उपाध्यक्ष राकेश रौशन,सुनील कुमार मुन्ना,विकास कुमार,जिला महामंत्री कुंदन भारती, राकेश पांडेय,जिला मंत्री शुवम कुमार,संजन जायसवाल,छोटेलाल सिंह,ललन सिंह आदि उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed