न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल, बेगूसराय में “बेटी जन्मोत्सव सह कन्या रत्न सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पिछले पाँच दिनों के दौरान जन्मी 10 नवजात बेटियों को “कन्या रत्न” के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रश्मि कुमारी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी ने नवजात बेटियों की माताओं को शुभकामनाएं देते हुए बेबी केयर किट भेंट की तथा बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
समारोह के दौरान उपस्थित माताओं एवं उनके परिजनों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। उन्हें वन स्टॉप सेंटर (OSC), जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW), महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों एवं लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।


