न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक श्री मनीष, माननीय विधान पार्षद श्री सर्वेश कुमार, नगर आयुक्त नगर निगम, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक श्री संदीप कुमार द्वारा प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योग क्रियाओं में भाग लिया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के उपरांत जिले में संचालित नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुश्री नेहा कुमारी द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्कूली बच्चों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इसके अतिरिक्त नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों तथा इससे होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक हानियों को दर्शाते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं नशा मुक्त भारत सप्ताह के अवसर पर आयोजित इस संयुक्त कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, आत्म-अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वही दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, बेगूसराय के मार्गदर्शन में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष योग सत्र एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समेकित बाल विकास सेवा द्वारा जिले के अंतिम छोर तक योग का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा पूर्व से ही लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा प्री-स्कूल शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनकी माताओं एवं बड़ी बहनों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
आईसीडीएस कार्यालय द्वारा योगाभ्यास के साथ-साथ योग जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किया गया। सेविकाओं ने माताओं को नियमित योग के लाभों, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता तथा पोषण और योग के परस्पर संबंधों के बारे में जानकारी दी। गर्भवती एवं धात्री माताओं को भी स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली एवं उपयुक्त योगाभ्यास के महत्व से अवगत कराया गया।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती रश्मि कुमारी ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाती है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं बच्चों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि सेविकाओं के प्रयासों से आज प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता का केंद्र बन गया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में योग के प्रति बढ़ता उत्साह एक स्वस्थ एवं जागरूक पीढ़ी के निर्माण का सकारात्मक संकेत है। योग दिवस के अवसर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित योग गतिविधियों के संचालन का संकल्प भी दोहराया गया।

