Mon. Aug 10th, 2026

इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय जिले के बरौनी रिफाइनरी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर 21 जून 2026 को बरौनी टाउनशिप स्थित जुबली हॉल में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा भारती एवं उनके सहयोगियों (जयंत आनंद एवं कोमल) ने योगाभ्यास तथा विशिष्ट अतिथि ब्रह्मकुमारी स्वीटी जी ने विशेष ध्यान सत्र कराया।

कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री भास्कर हजारिका, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) श्री एस. के. सरकार, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) श्री हंसराज गणवीर सहित महाप्रबंधकगण, उपमहाप्रबंधकगण, बीटीएमयू, ऑफिसरर्स एसोशिएशन, विप्स, कल्याण केंद्र इत्यादि के प्रतिनिधि, अन्य कर्मचारीगण एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री सत्य प्रकाश ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन-दर्शन है। आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग हमें संतुलन, मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करता है।” उन्होंने योग के इतिहास एवं उसकी उत्पत्ति पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान जीवनशैली में इसकी उपयोगिता को रेखांकित किया और सभी से इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 200 से अधिक कर्मचारियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. मनीषा भारती के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम जैसे गर्दन व्यायाम, कंधों की गतिशीलता, वज्रासन, ताड़ासन, प्राणायाम, नाड़ी शोधन एवं सर्पासन का अभ्यास किया। अंत में शवासन एवं प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।


इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से बरौनी रिफाइनरी अपने कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ कर रही है। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अर्पिता पटेल, कॉर्पोरेट संचार अधिकारी ने यह जानकारी दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post