Sat. Jun 20th, 2026

अपर मुख्य सचिव का बेगूसराय जिले में संचालित विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं एवं सेवाओं का किया स्थल निरीक्षण

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री एच. आर. श्रीनिवास (भा.प्र.से.) ने शनिवार को अपने निर्धारित बेगूसराय भ्रमण कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं एवं सेवाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

भ्रमण के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने बेगूसराय ग्रामीण परियोजना अंतर्गत सिंघौल पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित चमार टोला, मुसहरी एवं रजक टोला के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पूरक पोषण आहार वितरण, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा पोषण ट्रैकर के संधारण की समीक्षा की।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ने लाभार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास, कुपोषण उन्मूलन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संवर्द्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा गतिविधियों पर विशेष बल दिया।

इसके उपरांत अपर मुख्य सचिव ने पालना घर (क्रेच) का निरीक्षण कर वहां बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही देखभाल, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

अपर मुख्य सचिव ने सदर अनुमंडल स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं संरक्षण सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवा प्रदायगी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य सचिव ने जिले में संचालित अन्य समाज कल्याण योजनाओं एवं संस्थानों की भी समीक्षा की। तत्पश्चात जिला परिसदन (सर्किट हाउस), बेगूसराय में विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सभी लाभुकों के बीच निर्धारित समय पर पूरक पोषण आहार का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (Facial Recognition System) के माध्यम से शत-प्रतिशत पोषाहार वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभुकों की पहचान एवं सेवा वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने कुपोषण से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर एवं विभागीय पोर्टलों पर बच्चों की पोषण स्थिति से संबंधित आंकड़ों का शत-प्रतिशत एवं मानक के अनुसार सही संधारण किया जाए। कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने तथा ऐसे बच्चों के विशेष अनुश्रवण एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

इसके उपरांत सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि ई-लाभार्थी पोर्टल के माध्यम से जिले में कुल 3,07,580 सक्रिय लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इनमें सर्वाधिक 1,35,234 लाभार्थी मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के अंतर्गत शामिल हैं।

जीवन प्रमाणीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 2,39,001 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण पूर्ण किया जा चुका है, साथ ही सत्यापन के दौरान जिले में 7,613 मृत लाभार्थियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

अपर मुख्य सचिव ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने हेतु सतत प्रयास सुनिश्चित किए जाएं, ताकि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

बैठक में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग , सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई, जिला प्रबंधक सक्षम सहित जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed