Thu. Jun 11th, 2026

बिहार विधान सभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति द्वारा आज जिला अतिथि गृह, बेगूसराय में समीक्षा बैठक आयोजित

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

 बिहार विधान सभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति (अध्ययन दल-02) द्वारा आज जिला अतिथि गृह, बेगूसराय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यक्रमों एवं विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों तथा ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा करना था।

बैठक में समिति के सदस्य के रूप में विभूतिपुर के माननीय विधायक श्री अजय कुमार एवं इसलामपुर के माननीय विधायक श्री रुहैल रंजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान समिति द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में जिले में किसानों को खाद एवं उर्वरकों की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। समिति के सदस्यों ने निर्देश दिया कि खेती के मौसम में किसानों को यूरिया, डीएपी एवं अन्य आवश्यक उर्वरकों की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही खाद की कालाबाजारी तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान खाद्यान्न भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई। समिति ने गोदामों में खाद्यान्न की लोडिंग एवं अनलोडिंग कार्य में लगे श्रमिकों के भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि सभी श्रमिकों का पारिश्रमिक समय पर भुगतान किया जाए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के क्रम में पंचायतों में संचालित विकासात्मक योजनाओं एवं सात निश्चय योजना के कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता पर विशेष बल दिया गया। वहीं आईसीडीएस विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता तथा केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के समापन पर समिति के माननीय सदस्यों ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्नों एवं ध्यानाकर्षण प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन निर्धारित समयावधि में समिति को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed