बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत बखड्डा ढाला के समीप गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन थाना अध्यक्षों समेत वाहन चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पटना से प्रशिक्षण लेकर मधेपुरा लौट रहे पुलिस अधिकारियों का वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में उदाकिशुनगंज अनुमंडल के रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा मधेपुरा अनुमंडल के बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक की भी घटनास्थल पर ही जान चली गई।
बताया जा रहा है कि सभी पुलिस पदाधिकारी पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर वापस अपने कार्यस्थल लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा ढाला के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
हाईवे पर अवैध पार्किंग पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर खड़े वाहनों और अवैध पार्किंग की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है। प्रशासनिक बैठकों में अक्सर हाईवे से अवैध पार्किंग हटाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आते रहे हैं।
यह दुर्घटना न केवल पुलिस विभाग के लिए बल्कि पूरे बिहार के लिए एक बड़ी क्षति है। मृतक अधिकारियों के प्रति लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।