Sat. Jun 6th, 2026

बेगूसराय में गायन, वादन एवं नृत्य की विभिन्न विधाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ, अब भी बच्चे करा सकते हैं नामांकन

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, बेगूसराय में गायन, वादन एवं नृत्य की विभिन्न विधाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। जिले के कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी परिसर में संचालित इस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण आरंभ होते ही बच्चों एवं अभिभावकों के बीच विशेष उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है। अब तक लगभग 60 छात्र-छात्राओं द्वारा नामांकन कराया जा चुका है तथा नामांकन की प्रक्रिया निरंतर जारी है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रत्येक मंगलवार से रविवार तक संचालित किया जा रहा है। नियमित रूप से कक्षाओं का समय दोपहर 12:00 बजे से संध्या 06:00 बजे तक निर्धारित है, जबकि वर्तमान में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा हेतु प्रातः 08:00 बजे से 11:00 बजे तक कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।

केंद्र में नामांकन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए न्यूनतम आयु सीमा 06 वर्ष निर्धारित की गई है। विभिन्न कला विधाओं में अधिकतम 40-40 छात्र-छात्राओं के नामांकन का प्रावधान है। इच्छुक छात्र-छात्राएं आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र तथा तीन पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ के साथ आवेदन प्रस्तुत कर नामांकन करा सकते हैं।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी ने बताया कि आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र का मुख्य उद्देश्य जिले के बच्चों एवं युवाओं को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराना तथा उनकी अंतर्निहित प्रतिभा को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि संगीत, नृत्य एवं वादन जैसी कलाएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास की वृद्धि तथा रचनात्मक सोच के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विभाग का सतत प्रयास है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम गौरवान्वित कर सकें।

उन्होंने अभिभावकों से अधिकाधिक संख्या में बच्चों का नामांकन कराने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे उनकी सृजनात्मक क्षमता, अनुशासन, अभिव्यक्ति कौशल एवं सांस्कृतिक समझ का भी विकास होता है।

बेगूसराय स्थित इस केंद्र में अनुभवी एवं प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य तथा विभिन्न वाद्ययंत्रों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के मार्गदर्शन में चित्रकला एवं नाट्यकला के प्रशिक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे विद्यार्थियों को कला की विविध विधाओं का समग्र ज्ञान प्राप्त हो सके।

नामांकन, प्रशिक्षण अथवा अन्य आवश्यक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी एवं अभिभावक कला एवं संस्कृति कार्यालय, अटल खेल भवन, गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में संपर्क कर सकते हैं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed