Wed. Oct 21st, 2026

बरौनी रिफाइनरी में बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री एवं आधुनिक बिहार के निर्माता ‘बिहार केसरी’ डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश, वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के प्रेरणादायी जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और बिहार के सामाजिक, आर्थिक एवं औद्योगिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया।

राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा जीवन

21 अक्टूबर 1887 को वर्तमान नवादा जिले के खनवां गांव में जन्मे डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा। स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानियों में शामिल डॉ. सिंह ने स्वतंत्रता के बाद बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के विकास को नई दिशा दी।

शिक्षा, कृषि, उद्योग और सामाजिक सुधार के क्षेत्रों में उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं उल्लेखनीय योगदान ने आधुनिक बिहार की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों ने बिहार के विकास और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रभाव छोड़ा।

आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

जयंती समारोह के अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के समर्पण, दूरदर्शिता, जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना को प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही, उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

इस संबंध में बरौनी रिफाइनरी की कॉर्पोरेट संचार अधिकारी अर्पिता पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed