विश्व पर्यावरण दिवस : बेगूसराय में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों तथा पंचायत स्तर पर पौधारोपण, जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया गया आयोजन
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज बेगूसराय जिले में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों तथा पंचायतों के स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ पौधारोपण, जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संदेश देना था।
जिला प्रशासन, जिला जल एवं स्वच्छता समिति (DWSC), नमामि गंगे तथा आईओसीएल बरौनी के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत कपसिया स्थित नव निर्मित पार्क में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री, बरौनी रिफाइनरी के प्रबंध निदेशक, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बेगूसराय एवं समस्तीपुर की बालिकाओं के बीच एक दोस्ताना फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में बेगूसराय की टीम विजेता रही। विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल एवं कप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कला एवं संस्कृति कार्यालय, बेगूसराय द्वारा बेगूसराय संग्रहालय परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत बेगूसराय संग्रहालय में इंटर्नशिप कर रहे जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय के प्राचीन इतिहास विभाग के छात्र-छात्राओं के बीच विश्व पर्यावरण दिवस की थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन से जुड़े विषयों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह सहायक संग्रहालयाध्यक्ष श्री श्याम कुमार सहनी द्वारा प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी एवं बेगूसराय संग्रहालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले की विभिन्न पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में भी पौधारोपण, स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ एवं हरित बेगूसराय के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।