न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिले के शिवपुरी पोखरिया निवासी सुशान्त कुमार के पुत्र जयेश मिश्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार और बेगूसराय का नाम रोशन किया है। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद स्थित राजपथ क्लब में 30 अक्टूबर को आयोजित वेस्टर्न एशियन अंडर-16 रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में जयेश ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सात चक्रों में संपन्न इस प्रतियोगिता में एरिना ग्रैंड मास्टर (एजीएम) जयेश मिश्र ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पांच मुकाबलों में जीत दर्ज की, एक मुकाबला ड्रॉ खेला और एक मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस प्रकार उन्होंने कुल 5.5 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
इससे पहले 29 अक्टूबर को आयोजित इसी प्रतियोगिता की ब्लिट्ज स्पर्धा में भी जयेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया था। इस प्रदर्शन के साथ उनके ब्लिट्ज रेटिंग खाते में 90 से अधिक अंकों की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।

जयेश की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और स्थानीय क्षेत्र में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे बिहार के शतरंज जगत में भी उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी मेहनत, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
जयेश की सफलता के पीछे उनके पिता सुशान्त कुमार का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वतंत्र शोधार्थी डॉ. सुशान्त नियमित रूप से शतरंज से संबंधित शैक्षणिक वीडियो और पुस्तकों के माध्यम से उन्हें मार्गदर्शन देते हैं तथा खेल की बारीकियों से अवगत कराते रहते हैं।


