Sat. Aug 22nd, 2026

स्वरोजगार प्रारंभ करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क टूल-किट एवं स्टडी-किट उपलब्ध कराने हेतु करे आवेदन

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह ।।

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय, बेगूसराय द्वारा पात्र एवं योग्य अभ्यर्थियों से स्वरोजगार प्रारंभ करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क टूल-किट एवं स्टडी-किट उपलब्ध कराने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ 27 अगस्त 2026 को अपराह्न 4:00 बजे तक जिला नियोजनालय, बेगूसराय कार्यालय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

नियोजन सेवा का विस्तार योजना के अंतर्गत तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए टूल-किट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए Electrician, Fitter, Mobile Repair, Beautician, Plumber, Electronic Repair आदि ट्रेडों में कम से कम तीन माह का प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी अथवा RSETI, जन शिक्षण संस्थान, PMKVY, DDU-GKY/RPL आदि का प्रमाण-पत्र रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे।

वहीं, नियोजन सह मार्गदर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत UPSC, BPSC, NET/JRF, SSC, रेलवे, बैंकिंग, TET/STET अथवा अन्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे पात्र युवाओं को स्टडी-किट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

दोनों योजनाओं के लिए लाभुकों में दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (EBC/EWS) एवं ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। टूल-किट योजना के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है, जबकि स्टडी-किट योजना के लिए संबंधित परीक्षा के निर्धारित आयु मापदंड लागू होंगे। अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये होनी चाहिए तथा आवेदक बिहार राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है।

अभ्यर्थियों का NCS पोर्टल (ncs.gov.in) पर जिला नियोजनालय, बेगूसराय में आवेदन की अंतिम तिथि से कम से कम छह माह पूर्व निबंधन तथा रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य है।

पात्र अभ्यर्थी शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो) तथा NCS एवं रोजगार सेतु निबंधन से संबंधित दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ आवेदन जमा करें।

जिला नियोजन पदाधिकारी, बेगूसराय ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के पूर्व आवेदन जमा करने की अपील की है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed