न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का शानदार समापन बी.पी. इंटर स्कूल में हुआ। समापन अवसर पर आयोजित अंडर-19 बालक क्रिकेट चयन ट्रायल में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं क्षेत्ररक्षण का शानदार प्रदर्शन किया।
ट्रायल के दौरान जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी क्रिकेट खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है।


