Wed. Nov 18th, 2026

विभागीय कार्य में इस्तेमाल निजी स्कॉर्पियो से 216 लीटर अवैध शराब बरामदगी मामले में भूमि सुधार उप समाहर्ता के निलंबन की अनुशंसा

 न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। जिले में अवैध विदेशी शराब की बरामदगी के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभागीय कार्यों के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता, बखरी द्वारा उपयोग किए जा रहे निजी स्कॉर्पियो वाहन से 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद होने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले में संबंधित पदाधिकारी श्री ललित कुमार सिंह के निलंबन एवं उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को बेगूसराय पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान उक्त स्कॉर्पियो वाहन से कुल 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई।

जांच प्रतिवेदन में गंभीर प्रशासनिक अनियमितता एवं लापरवाही सामने आने के बाद जिला पदाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, बखरी श्री ललित कुमार सिंह के विरुद्ध निलंबन एवं अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना को भेज दी है।

मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन पर सख्त रुख

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक अनुशासन के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी याद दिलाई है।

फिलहाल निलंबन की अनुशंसा की गई है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा की जाएगी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed