न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सिंघौल स्थित हर्ष गार्डेन में भाजपा जिला बेगूसराय द्वारा विशाल जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के सभी जिला पदाधिकारी, मंडलों से मंडल पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष , पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के तैल्या चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वंदे मातरम गायन के साथ की।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और सिद्धांतों की राजनीति का अनुपम उदाहरण है। आज प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है कि उनके विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और यह डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका जीवन आज भी प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणास्रोत है।
तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा की कार्यशैली की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में बेगूसराय विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित तथा जनसेवा के संकल्प के साथ संगठन को और मजबूत करना चाहिए।

नगर विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सामाजिक और राजनीतिक योगदान भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने राष्ट्रवाद को जन-जन की भावना बनाया और भारत की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने का कार्य किया।
भाजपा के प्रदेश मंत्री सह बेगूसराय के क्षेत्रीय प्रभारी कुमार राघवेंद्र ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की तैयारी में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जिसकी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना ही इस सम्मेलन का उद्देश्य है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया।
प्रदेश मंत्री सुनील राम ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो हर जाति हर समाज को साथ लेकर सबका साथ सबके विकास के मूलमंत्र पर काम करती है


