न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत ‘‘सबका सम्मान, जीवन आसान’’ अभियान के तहत आज समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर उनके समाधान की मांग की।

आज आयोजित जनता दरबार में कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों की संख्या सर्वाधिक रही। इसके अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, लोक सेवाओं, प्रमाण-पत्र निर्गमन, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई की गई।
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आमजन के बीच प्रत्यक्ष संवाद का एक प्रभावी एवं सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लिया जाता है तथा उनके समाधान की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को कार्रवाई की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाए।


