बेगूसराय जिले में मृत (Defunct) एवं खराब चापाकलों के निष्पादन तथा मरम्मत कार्यों में तेजी लाने हेतु लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार सरकार के विशेष सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि विभागीय मानकों के अनुरूप मृत चापाकलों का निष्पादन तथा मरम्मत योग्य चापाकलों की पहचान कर उनका शीघ्र मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पंचायतवार तैयार माइक्रो-शेड्यूल के अनुसार सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।
संबंधित कनीय अभियंता अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निर्वाचित मुखिया, उप-मुखिया तथा विगत पंचायत चुनाव के मुख्य निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभ्यर्थियों से समन्वय स्थापित कर कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता बढ़ेगी तथा कार्यों की पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार के राजनीतिक अथवा सामाजिक मतभेद से ऊपर उठकर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल व्यवस्था से संबंधित कार्यों का निष्पादन करें। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्य पूर्ण होने के उपरांत स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं लाभुकों से सामाजिक प्रमाणीकरण (Social Certification) प्राप्त किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक कार्यस्थल के जियोटैग्ड फोटोग्राफ विभागीय एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा, ताकि कार्यों की ऑनलाइन निगरानी एवं सामाजिक अंकेक्षण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा बेगूसराय एवं तेघड़ा प्रमंडल अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि पेयजल स्रोतों की मरम्मत एवं निष्पादन संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करें तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।