Sat. May 23rd, 2026

विश्व कछुआ दिवस – “कछुआ मित्र” बनकर कछुआ का संरक्षण अभियान से जुड़े आम लोग

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

विश्व कछुआ दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्द्धन की दिशा में बेगूसराय में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। ग्रामीण विकास अभिकरण एवं नमामि गंगे कार्यालय, बेगूसराय में कछुआ संरक्षण से संबंधित एक विशेष सूचना बोर्ड (इन्फॉर्मेशन बोर्ड) प्रभारी पदाधिकारी, नमामि गंगे श्री बिट्टू कुमार सिंह को भारतीय वन्यजीव संस्थान की जलज परियोजना के प्रोजेक्ट असिस्टेंट श्री कुणाल कुमार सिंह द्वारा भेंट किया गया।

इस सूचना बोर्ड का उद्देश्य गंगा नदी में पाई जाने वाली कछुओं की विभिन्न प्रजातियों के बारे में लोगों को जानकारी उपलब्ध कराना, गंगा के पारिस्थितिक तंत्र में कछुओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा आमजन को कछुआ संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। साथ ही लोगों को “कछुआ मित्र” बनकर संरक्षण अभियान से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि कछुआ गंगा नदी का प्राकृतिक सफाईकर्मी माना जाता है। ये मृत जीवों एवं जैविक अपशिष्टों को खाकर नदी की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गंगा के संतुलित पारिस्थितिक तंत्र में कछुओं का विशेष महत्व है, किंतु अवैध शिकार, नदी प्रदूषण तथा मानवजनित गतिविधियों के कारण इनके अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।

नमामि गंगे के प्रभारी पदाधिकारी श्री बिट्टू कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “नमामि गंगे केवल नदी की सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि गंगा की संपूर्ण जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण का व्यापक मिशन है। कछुओं सहित जलीय जीवों का संरक्षण गंगा को स्वस्थ और जीवंत बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।”

विश्व कछुआ दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे कछुओं के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनें, प्लास्टिक प्रदूषण रोकने में सहयोग करें तथा गंगा और उसकी जैव विविधता की रक्षा के लिए सक्रिय भागीदारी निभाएं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post