बिहार सरकार के निर्देशानुसार समाहरणालय, बेगूसराय अंतर्गत बिहार गृह रक्षा वाहिनी में विज्ञापन संख्या-01/2025 के आलोक में गृहरक्षकों के पुनः स्वच्छ नामांकन के लिए औपबंधिक मेधा सूची जारी कर दी गई है। जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर उक्त औपबंधिक मेधा सूची को जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अभ्यर्थियों की जानकारी एवं अवलोकनार्थ प्रकाशित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा औपबंधिक मेधा सूची से संबंधित किसी प्रकार का दावा अथवा आपत्ति रखने वाले अभ्यर्थी दिनांक 08 जून 2026 तक अपनी आपत्ति जिला समादेष्टा कार्यालय, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, बेगूसराय में हाथों-हाथ, निबंधित डाक अथवा आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से समर्पित कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त अथवा जिला समादेष्टा कार्यालय के अतिरिक्त किसी अन्य कार्यालय में जमा कराई गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे आवेदन स्वतः अमान्य माने जाएंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा तथा पूरी नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विस्तृत कार्य-सारणी (कैलेण्डर) भी जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार औपबंधिक मेधा सूची के विरुद्ध दावा एवं आपत्ति आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 08 जून 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त दावा एवं आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया 12 जून 2026 को संपन्न की जाएगी, जबकि अंतिम चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 15 जून 2026 को किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) की प्रक्रिया 22 जून 2026 को आयोजित होगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जारी औपबंधिक मेधा सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन कर लें तथा यदि कोई दावा या आपत्ति हो तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित उसे ससमय दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।