न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आज 19 मई 2026, मंगलवार को बेगूसराय जिले के 18 प्रखंडों के कुल 24 ग्राम पंचायतों में प्रथम सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों की सुनवाई करते हुए उनके त्वरित निष्पादन की दिशा में कार्रवाई की गई। प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का 10 दिनों के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत के लिए जिला स्तर से वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

जिले के 24 पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों की अध्यक्षता 24 वरीय पदाधिकारियों द्वारा की गई। इसी क्रम में बरौनी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरा देवस में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री सह प्रभारी मंत्री बेगूसराय श्री रामकृपाल यादव, माननीय तेघड़ा विधायक श्री रजनीश कुमार, पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे।

पिपरा देवस पंचायत में शिविर से पूर्व विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया गया। जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की शिकायतों एवं समस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण कराया।
सहयोग शिविरों के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामकृपाल यादव ने स्वयं तीन पंचायतों में आयोजित शिविरों में भाग लिया। उन्होंने बरौनी प्रखंड के पिपरा देवस पंचायत के साथ साथ तेघड़ा प्रखंड के पिढ़ौली पंचायत तथा मटिहानी प्रखंड के रामदीरी-4 पंचायत में पहुंचकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई की और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं उद्योग विभाग, बिहार सरकार के सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव श्री कुंदन कुमार ने बेगूसराय प्रखंड के मोहनपुर पंचायत, चेरियाबरियारपुर प्रखंड के कुंभी पंचायत तथा नावकोठी प्रखंड के महेशवाड़ा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों में भाग लेकर शिकायतों की समीक्षा की और ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी द्वारा बरौनी प्रखंड के अमरपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीणों की शिकायतों एवं मांगों की सुनवाई की गई तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिले में आयोजित इन सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 2036 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1360 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 669 शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्राप्त शिकायतों के ऑफलाइन निस्तारण की कार्रवाई भी पूर्ण की जा चुकी है।
सहयोग शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। सामान्य प्रशासन विभाग के 156 मामलों, राजस्व विभाग के 400 मामलों तथा पेंशन एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 151 मामलों का निष्पादन करते हुए लाभुकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।

शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, रसीद निर्गत करने सहित विभिन्न लोक सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण शिविर के दिन ही करते हुए लाभुकों को आवश्यक सेवाएं एवं प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासन एवं आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिकायतों के समाधान के साथ-साथ सरकारी सेवाओं की सुलभ एवं समयबद्ध उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

