Thu. Nov 26th, 2026

संविधान के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना हर नागरिक का दायित्व : गिरिराज सिंह

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस, केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की दी सीख

 संविधान दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को प्रेक्षा गृह, कंकौल में जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा कार्यालय, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वस्त्र मंत्री-सह-बेगूसराय सांसद श्री गिरिराज सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की उद्देशिका के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने मुख्य अतिथि श्री गिरिराज सिंह को पुष्पगुच्छ, पुस्तक एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मंचासीन अन्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों का भी स्वागत किया गया।

संविधान लोकतंत्र, समानता और न्याय का आधार : डीएम

अपने स्वागत संबोधन में जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने संविधान की उद्देशिका में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र, सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय का मजबूत आधार है। उद्देशिका में वर्णित आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर ही हम एक जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं और आने वाली पीढ़ियों तक संविधान के मूल सिद्धांतों एवं संवैधानिक मूल्यों को पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जिला पदाधिकारी ने संविधान के अनुच्छेद 47 का उल्लेख करते हुए बिहार में लागू शराबबंदी कानून और नशे के विरुद्ध संचालित अभियान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति आवश्यक है। इसी संकल्प के साथ संविधान दिवस के अवसर पर नशामुक्ति बिहार दिवस भी मनाया जा रहा है।

विद्यालयों में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित कराने का सुझाव

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिला प्रशासन को विद्यालयों में समय-समय पर समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता विकसित होगी और वे निर्भीक होकर अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।

उन्होंने प्राचीन लिच्छवी गणराज्य का उल्लेख करते हुए भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत है। संविधान में 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी नियमित रूप से जागरूक करने की आवश्यकता बताई, ताकि बच्चे अपने अधिकारों का सदुपयोग करने के साथ अपने दायित्वों का भी समुचित निर्वहन कर सकें।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित

संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संविधान के आदर्शों को समझने और अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विधान पार्षद डॉ. सुरेश राय, तेघड़ा विधायक श्री रजनीश कुमार, बेगूसराय नगर निगम की महापौर श्रीमती पिंकी देवी, उपमहापौर श्रीमती अनीता राय, नगर आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक जिम्मेदारी तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed