Wed. Nov 25th, 2026

 न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ 8वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक योग्यताधारी अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा, 22 से 25 कंपनियों के आने की संभावना

बेगूसराय। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, बेगूसराय की ओर से 26 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय प्रथम एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा।

यह मेला अयोध्या प्रसाद सिंह स्मारक महाविद्यालय, बरौनी में आयोजित होगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

करीब 2,000 रिक्तियों पर होगा चयन

जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले में बिहार सहित देश के अन्य राज्यों के निजी क्षेत्र की लगभग 22 से 25 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। इन कंपनियों के माध्यम से विभिन्न पदों पर करीब 2,000 रिक्तियों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन की प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से पूरी होगी। योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

8वीं पास से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मौका

इस नियोजन मेले की खास बात यह है कि इसमें न्यूनतम आठवीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक एवं अन्य तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं। युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें व्यावसायिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ पहुंचें युवा

जिला नियोजन पदाधिकारी, बेगूसराय ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों तथा अन्य संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ नियोजन मेले में उपस्थित हों।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed