न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ टाई ब्रेकर में एस.बी.एस.एस. कॉलेज को 3-2 से दी शिकस्त, अंतर महाविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में लहराया जीत का परचम
बेगूसराय जिले के यमुना भगत स्टेडियम, बरौनी में 23 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित अंतर महाविद्यालय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 में जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में रोमांचक संघर्ष के बाद जी.डी. कॉलेज की टीम ने एस.बी.एस.एस. कॉलेज, बेगूसराय को टाई ब्रेकर में 3-2 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में जी.डी. कॉलेज की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ए.एन.डी. कॉलेज, पटोरी को 4-3 से हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इसके बाद फाइनल में उसका मुकाबला एस.बी.एस.एस. कॉलेज की टीम से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय में मुकाबला निर्णायक स्थिति तक नहीं पहुंचने के बाद टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें जी.डी. कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की।

गोलकीपर ज्योतिष कुमार को मिला बेस्ट खिलाड़ी का सम्मान
पूरी प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जी.डी. कॉलेज के गोलकीपर ज्योतिष कुमार को बेस्ट खिलाड़ी के अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनके शानदार खेल और गोलकीपिंग ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

