न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर विद्यार्थियों ने लिया न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने का संकल्प
बेगूसराय में माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, उलाव में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह की प्रार्थना सभा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को दोहराते हुए उनके महत्व को समझा।

इसके बाद संविधान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, पोस्टर मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों में संविधान की महत्ता, नागरिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंतिम दो पीरियड में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने संविधान की भूमिका, लोकतंत्र की मजबूती और एक आदर्श नागरिक के दायित्वों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल ने कहा कि संविधान हमें समानता, सम्मान और आपसी सद्भाव के साथ रहने की सीख देता है। बच्चों को इन मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने दैनिक व्यवहार में भी अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।


