न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ 24 कंपनियों ने लिया भाग, 1,250 युवाओं का बायोडाटा प्राप्त; केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया रोजगार मेले का उद्घाटन
बेगूसराय जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को अयोध्या प्रसाद सिंह मेमोरियल कॉलेज परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार, जिला प्रशासन बेगूसराय एवं जिला नियोजनालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्त्र मंत्री, भारत सरकार श्री गिरिराज सिंह, तेघड़ा विधायक श्री रजनीश कुमार, जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय एवं जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री अंकिता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

24 कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
रोजगार मेले में कुल 24 नियोजक कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लिया। मेले के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 1,250 अभ्यर्थियों का बायोडाटा प्राप्त किया गया, जिनमें से 362 अभ्यर्थियों का प्रथम चरण में रोजगार के लिए चयन किया गया। इस उपलब्धि को जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

युवाओं को कौशल विकास पर देना होगा जोर : गिरिराज सिंह
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार मेला युवाओं और नियोजक कंपनियों के बीच संपर्क स्थापित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने युवाओं से शैक्षणिक योग्यता के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करने तथा उपलब्ध रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
वहीं, तेघड़ा विधायक श्री रजनीश कुमार ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेलों से स्थानीय युवाओं को अपने जिले एवं राज्य में ही रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और पूरी तैयारी के साथ ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। रोजगार मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने युवाओं को अपनी योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप रोजगार का चयन करने तथा सरकार की विभिन्न रोजगारपरक एवं कौशल विकास योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी।


