Thu. Nov 26th, 2026

जी.डी. कॉलेज ने फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब किया अपने नाम, गोलकीपर ज्योतिष कुमार बने बेस्ट खिलाड़ी

 न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ टाई ब्रेकर में एस.बी.एस.एस. कॉलेज को 3-2 से दी शिकस्त, अंतर महाविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में लहराया जीत का परचम

बेगूसराय जिले के यमुना भगत स्टेडियम, बरौनी में 23 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित अंतर महाविद्यालय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 में जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में रोमांचक संघर्ष के बाद जी.डी. कॉलेज की टीम ने एस.बी.एस.एस. कॉलेज, बेगूसराय को टाई ब्रेकर में 3-2 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में जी.डी. कॉलेज की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ए.एन.डी. कॉलेज, पटोरी को 4-3 से हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इसके बाद फाइनल में उसका मुकाबला एस.बी.एस.एस. कॉलेज की टीम से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय में मुकाबला निर्णायक स्थिति तक नहीं पहुंचने के बाद टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें जी.डी. कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की।

गोलकीपर ज्योतिष कुमार को मिला बेस्ट खिलाड़ी का सम्मान

पूरी प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जी.डी. कॉलेज के गोलकीपर ज्योतिष कुमार को बेस्ट खिलाड़ी के अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनके शानदार खेल और गोलकीपिंग ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में तेघड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) उपस्थित रहे। ए.पी.एस.एम. कॉलेज के प्राचार्य ने उनका स्वागत किया तथा खिलाड़ियों से परिचय कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना की भी सराहना की।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक के रूप में संजीव कुमार मुन्ना, अमन कुमार, राकेश कुमार, आनंद राज एवं सुजीत कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जी.डी. कॉलेज की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य अवधेश जी सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कॉलेज की इस जीत से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

फुटबॉल प्रतियोगिता में जी.डी. कॉलेज की यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और सामूहिक खेल भावना का परिणाम मानी जा रही है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed