Sat. Oct 31st, 2026

बरौनी रिफाइनरी में कवि सम्मेलन के जरिए गूंजा सतर्कता और सत्यनिष्ठा का संदेश

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर कवियों ने बांधा समां, देशभक्ति, हास्य-व्यंग्य और नैतिक मूल्यों से जुड़ी रचनाओं ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

बेगूसराय। इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत शुक्रवार, 30 अक्टूबर को बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कविता और साहित्य के जरिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश, विशिष्ट अतिथि भारतीय पुलिस सेवा के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), बेगूसराय श्री शैलेश कुमार सिन्हा, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री भास्कर हजारिका, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) श्री हंसराज गणवीर, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) श्री ए.पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (कोर ग्रुप) श्री राजू माशाहारी, ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं बीटीएमयू के प्रतिनिधियों तथा आमंत्रित कवियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर रिफाइनरी के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कवि सम्मेलन में अशांत भोला, सुनेहरी लाल तुरन्त, प्रफुल्ल मिश्रा, मीनाक्षी दिनेश, स्वयं श्रीवास्तव और दास आरोही ‘आनंद’ सहित प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों ने देशभक्ति, हास्य-व्यंग्य और नैतिक मूल्यों पर आधारित रचनाओं के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बनाया।

कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए इस वर्ष के सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी कविताओं में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण का महत्व प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

कार्यक्रम ने जहां एक ओर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं दूसरी ओर समाज और कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता बनाए रखने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

बरौनी रिफाइनरी प्रबंधन ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि कला और साहित्य सामाजिक जागरूकता के प्रभावी माध्यम हैं। कवि सम्मेलन ने मनोरंजन के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का प्रयास किया।  अर्पिता पटेल, कॉर्पोरेट संचार अधिकारी, बरौनी रिफाइनरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed