Sat. Oct 10th, 2026

बेगूसराय में 2.69 लाख लाभुकों के खातों में पहुंची सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 30.53 करोड़ रुपये का डीबीटी से भुगतान

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ पेंशन दिवस पर 34 लाभुकों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित समाधान के लिए की गई कार्रवाई

बेगूसराय। बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के बैंक खातों में सितंबर 2026 की पेंशन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बेगूसराय स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुश्री नेहा कुमारी तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभुक उपस्थित रहे।

जिले में सितंबर 2026 माह के लिए कुल 2,69,482 लाभुकों के बैंक खातों में 30 करोड़ 53 लाख 71 हजार 800 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। इस राशि से वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभुकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

छह पेंशन योजनाओं के लाभुकों को मिला लाभ

जिला प्रशासन से प्राप्त विवरण के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,29,480 लाभुकों को 14 करोड़ 97 लाख 96 हजार 300 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 66,868 लाभुकों को 7 करोड़ 36 लाख 86 हजार 400 रुपये हस्तांतरित किए गए।

इसी प्रकार, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 30,974 लाभुकों को 3 करोड़ 47 लाख 97 हजार 600 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 16,028 लाभुकों को 1 करोड़ 77 लाख 91 हजार 500 रुपये की राशि दी गई।

वहीं, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 23,527 लाभुकों के खातों में 2 करोड़ 64 लाख 33 हजार 400 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 2,605 लाभुकों के खातों में 28 लाख 66 हजार 600 रुपये हस्तांतरित किए गए।

पेंशन दिवस पर 34 लाभुकों की समस्याएं सुनी गईं

पेंशन दिवस के अवसर पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बेगूसराय में विशेष शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित 34 लाभुकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर का उद्देश्य पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान करना और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक पहुंचाना था।

पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : डीएम

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद लोगों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभुक को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम तरीके से मिले। इसके लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा पात्र व्यक्तियों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post