Sat. Oct 10th, 2026

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ दिनकर कला भवन में बालिकाओं ने नाट्य, गीत-संगीत और ताइक्वांडो के जरिए दिया जागरूकता का संदेश, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित

बेगूसराय। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को दिनकर कला भवन, बेगूसराय में जिला प्रशासन की ओर से “End Child Marriage and Invest in Girl Rights” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं बालिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने कहा कि बेटे और बेटी के बीच भेदभाव के कारण कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक एवं कानूनी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। पीसी एवं पीएनडीटी अधिनियम के तहत भ्रूण के लिंग की जांच कराना प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के सामने एक बड़ी चुनौती है।

डीएम ने कहा कि केवल कानून बनाने से सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन संभव नहीं है। इसके लिए जन-जागरूकता, सामाजिक सहयोग और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया बालिका सशक्तीकरण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान बी.पी. इंटर कॉलेज, ओमर बालिका उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कंकौल, आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-46, त्रिवेणी संस्था, मिथिलांचल संगीत महाविद्यालय, तरुणी तारण नाट्य समिति, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र और बालिका गृह सहित विभिन्न संस्थानों की बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बालिकाओं ने नाट्य प्रस्तुति, गीत-संगीत, ताइक्वांडो एवं युद्ध कला के माध्यम से बालिका सशक्तीकरण, बाल अधिकारों की रक्षा और बाल विवाह उन्मूलन का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के जरिए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसरों के महत्व को रेखांकित किया गया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित

इस अवसर पर मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की टॉपर छात्राओं के साथ कला-संस्कृति और खेल के क्षेत्र में राज्य एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं को भी पुरस्कार एवं उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती रश्मि कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुश्री नेहा कुमारी, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई श्रीमती प्रियंका कुमारी तथा जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम डॉ. अनुजा कुमारी सहित वन स्टॉप सेंटर, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन एवं आईसीडीएस के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, समान अधिकार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समाज को प्रेरित करना रहा।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post