न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ भारत की वास्तविक शक्ति उसके गाँवों में निहित – मंत्री रामकृपाल यादव
बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले “पंचायत विकास दिवस” के प्रथम आयोजन के अवसर पर आज जिला के सभी पंचायतों में पंचायत विकास शिविर का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में आज वीरपुर प्रखंड अंतर्गत नौला ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय सहकारिता मंत्री सह बेगूसराय जिला के प्रभारी मंत्री श्री राम कृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर माननीय नगर विधायक श्री कुंदन कुमार, जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक श्री मनीष सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसके गाँवों में निहित है तथा ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास और सुशासन की आधारशिला हैं। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चा लोकतंत्र तभी साकार होता है,
https://youtu.be/TlVIXpiQ0qg
जब गाँव का प्रत्येक नागरिक विकास की प्रक्रिया में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को “पंचायत विकास दिवस” मनाने का निर्णय ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ आज माननीय मुख्यमंत्री द्वारा मुंगेर से किया गया है, जिससे पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का मार्ग प्रशस्त होगा।

प्रभारी मंत्री ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पंचायतों को अधिकार, पर्याप्त संसाधन एवं आधुनिक तकनीक से सशक्त बना रही है। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल एवं पंचायत बिहार पोर्टल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन को नई मजबूती मिली है, जिससे विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँच रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएँ बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से संचालित सहयोग पोर्टल के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बेगूसराय जिले में अब तक प्राप्त 20,694 आवेदनों में से 19,102 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है, जो 92 प्रतिशत से अधिक की सफलता दर को दर्शाता है। यह उपलब्धि प्रशासन की पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली का प्रमाण है।

सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पंचायतों और सहकारी संस्थाओं के बेहतर समन्वय से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसान यदि प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स), सहकारी संस्थाओं तथा स्वयं सहायता समूहों से अधिकाधिक जुड़ेंगे तो कृषि उत्पादन बढ़ेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा गाँव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ धरातल पर उतारने, प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा विकास को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। साथ ही माननीय मंत्री ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए नशा मुक्त समाज, समृद्ध देश के लिए लोगो को प्रेरित किया।


