Mon. Jun 15th, 2026

डांस बीट अकादमी के 14 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों की प्रतिभा ने जीता सबका दिल

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

डांस बीट अकादमी द्वारा 1 से 14 जून तक आयोजित 14 दिवसीय डांस समर कैंप का भव्य समापन समारोह रविवार को आईएमए हॉल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ. स्वप्ना चौधरी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू सिंह, समाजसेविका सारिका भास्कर तथा अकादमी के संरक्षक समीर शेखर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समापन समारोह में कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूर्व मेयर उपेंद्र प्रसाद सिंह एवं डिप्टी मेयर अनीता राय ने बच्चों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने अनोखे अंदाज में परिचय प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

इस समर कैंप में कुल 33 बच्चों ने भाग लिया था। 14 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने नृत्य कला का प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ-साथ पिकनिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आनंद लिया। कैंप के दौरान बच्चों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया था।

इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी ने कहा कि बेगूसराय में लगभग 350 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरें मौजूद हैं। बच्चों को इन स्थलों का भ्रमण कराया जाना चाहिए ताकि वे अपनी संस्कृति और विरासत से परिचित हो सकें।
पूर्व प्राचार्या डॉ. स्वप्ना चौधरी ने कहा कि जहां गर्मी की छुट्टियों में अधिकांश बच्चे घरों तक सीमित रहते हैं, वहीं इस कैंप के माध्यम से बच्चों ने रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने व्यक्तित्व का विकास किया है, जो सराहनीय है।
पूर्व मेयर उपेंद्र प्रसाद सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। वहीं जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू सिंह ने ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अकादमी के निदेशक संजीत कुमार ने पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर किया। मंच संचालन श्रुति वर्मा एवं तनुष्का ने संयुक्त रूप से किया।


मौके पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. ए.के. राय, डॉ. रंजन चौधरी, डॉ. हरेराम कुमार, अशोक सिन्हा, डॉ. गीता कुमारी, डॉ. आशीष सुमन, आर.सी. अकादमी के निदेशक ओम कुमार, प्राचार्या सोनी कुमारी, अमन वर्मा, किरण कुमारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed