Sun. Jun 14th, 2026

राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के दौरान बेगूसराय में महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धि हुई प्राप्त, 350 वर्ष पुरानी पांडुलिपि मिली

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत चल रहे राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के दौरान बेगूसराय जिले को एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। बरौनी प्रखंड के बरौनी-3 क्षेत्र स्थित मौलाना इसहाक उर्दू लाइब्रेरी में सैय्यद अख़्तर हुसैन के निजी संग्रह से क़ुरान एवं हदीस से संबंधित “तिरमिज़ी शरीफ” नामक एक दुर्लभ अरबी हस्तलिखित पांडुलिपि की पहचान की गई है, जिसकी आयु लगभग 350 वर्ष आंकी गई है। इस महत्वपूर्ण खोज को जिले की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री ने उक्त पांडुलिपि का अवलोकन किया तथा इसके ऐतिहासिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक महत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दुर्लभ पांडुलिपियां भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत एवं बौद्धिक इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और प्रलेखन अत्यंत आवश्यक है।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं सर्वेक्षण दल को निर्देश दिया कि पांडुलिपि का समुचित दस्तावेजीकरण, संरक्षण तथा आवश्यकतानुसार डिजिटलीकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि यह धरोहर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रह सके। उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील की कि यदि उनके पास किसी भी भाषा अथवा विषय से संबंधित प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियां, ग्रंथ अथवा दुर्लभ दस्तावेज उपलब्ध हों तो उनकी जानकारी ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत साझा करें, जिससे उन्हें संरक्षित एवं सूचीबद्ध किया जा सके।

ज्ञातव्य है कि ज्ञान भारतम मिशन का उद्देश्य देशभर में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, प्रलेखन, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण कर भारत की ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखना है। इस अभियान के तहत बिहार राज्य उल्लेखनीय प्रगति करते हुए देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

इस अवसर पर सर्वेक्षण दल के सदस्य, पुस्तकालय प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed