Fri. Jun 5th, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, न्यायालय परिसर में प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज 5 जून को माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, बेगूसराय के विद्यार्थियों द्वारा व्यवहार न्यायालय, बेगूसराय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता से संबंधित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना था।

इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रही। विद्यार्थियों ने नाटक, गीत एवं नृत्य के माध्यम से यह संदेश दिया कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए हमें पर्यावरण की रक्षा करनी होगी, अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे तथा प्रदूषण को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।

कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बेगूसराय श्री ऋषिकांत जी ने विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, बेगूसराय श्री विजेंद्र कुमार जी सहित जिले के कई न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री करुणानिधि प्रसाद आर्य द्वारा किया गया।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं न्यायिक अधिकारियों ने खूब सराहा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ऋषिकांत जी ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ समय की आवश्यकता हैं और बच्चों के माध्यम से दिया गया संदेश समाज तक प्रभावी ढंग से पहुँचता है।

विद्यालय में आयोजित विशेष प्रातःकालीन सभा में प्राचार्या डॉ. शीतल ने कहा, “पर्यावरण हमारी सबसे मूल्यवान धरोहर है। बच्चों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से जो संदेश दिया है, वह हम सभी को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन ला सकते हैं।”

विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा ने सर्वप्रथम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ऋषिकांत जी एवं न्यायालय प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा, “विद्यालय के विद्यार्थियों को न्यायालय परिसर में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान करना अत्यंत सराहनीय पहल है। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।”

उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी गतिविधि शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा विशेष रूप से सचिन सर, आकाश सर, रॉबिन सर एवं संगीत शिक्षक अमित कुमार की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, अथक परिश्रम और बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करने के कारण कार्यक्रम प्रभावशाली, प्रेरणादायक एवं सफल बन सका।

यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ और उपस्थित सभी लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संदेश देकर गया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed