Mon. May 25th, 2026

बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा द्वितीय “सहयोग शिविर” 26 मई मंगलवार को होगा आयोजित

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा द्वितीय “सहयोग शिविर” का आयोजन दिनांक 26 मई 2026 (मंगलवार) को जिले के सभी 18 प्रखंडों की चयनित पंचायतों में किया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा पंचायतवार रोस्टर जारी कर दिया गया है।

यह सहयोग शिविर प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा। जिला प्रशासन की इस जनहितकारी पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना तथा स्थानीय स्तर पर ही उनकी शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार प्रत्येक शिविर स्थल पर वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे। शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का यथासंभव ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया जाएगा तथा आवश्यक मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही वर्तमान मौसम एवं भीषण गर्मी को देखते हुए सभी शिविर स्थलों पर आमजनों के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार बरौनी प्रखंड अंतर्गत सिमरिया-1 एवं सिमरिया-2, बेगूसराय प्रखंड में खम्हार एवं वनद्वार, वीरपुर में डीहपर, मटिहानी में रामदीरी-3 एवं रामदीरी-2, शाम्हो में सलहा सैदपुर बरारी-2, बलिया में बड़ी बलिया उत्तरी, साहेबपुर कमाल में चौकी एवं विष्णुपुर आहोक, डंडारी में कटरमाला दक्षिणी, चेरियाबरियारपुर में गोपालपुर, खोदावंदपुर में दौलतपुर, छौड़ाही में मालपुर, बखरी में घाघड़ा, गढ़पुरा में गढ़पुरा एवं सोनमा, नावकोठी में पहसारा पश्चिम, तेघड़ा में रातगाँव, बछवाड़ा में फतेहा एवं गोविन्दपुर-3, भगवानपुर में बनवारीपुर तथा मंसूरचक में गोविन्दपुर-1 पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

बेगूसराय जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस द्वितीय सहयोग शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने संबंधित पंचायत शिविर स्थल पर पहुंचकर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवेदनों को प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed