Mon. May 25th, 2026

किसान सभा का बेगूसराय जिला समाहरणालय पर आक्रोषपूर्ण प्रदर्शन

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

 

@11 सूत्री मांगों को लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन

अखिल भारतीय किसान सभा बेगूसराय द्वारा 11 सूत्री मांगों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर एक जुझारू एवं शानदार प्रदर्शन किया गया।
चिलचिलाती धूप में बेगूसराय जिले के विभिन्न अंचलों के प्रदर्शनकारी साथी ट्रैफिक चौक पुल के नीचे जमा हुए। 1:00 बजे दिन से प्रदर्शनकारी जुलूस निकालकर जिला अधिकारी कार्यालय की ओर बढ़े। रास्ते में बिहार केसरी श्री कृष्ण सिंह की मूर्ति पर एवं संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर पुष्पांजलि करते हुए जुलूस जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। विभिन्न अंचलों के साथी अपने-अपने अंचल के बैनर के साथ नारा लगाते हुए चल रहे थे।

जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला सचिव कॉमरेड दिनेश सिंह ने कहा कि मोदी राज में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। हम 11 सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारी मांगे इस प्रकार से हैं-(1) फसल क्षति का मुआवजा दो(2) मंडी व्यवस्था लागू करो(3) एमएसपी पर कृषि उत्पादन की खरीद करो(4) कृषि कर्ज माफ करो(5) पशुओं द्वारा फसल क्षति का मुआवजा दो(6) कृषि कार्य के लिए 300 यूनिट बिजली मुफ्त दो (7)दाखिल खारिज में व्याप्त भ्रष्टाचार बंद करो(8) किसानों को ₹5000 प्रति माह पेंशन दो (9) खाद बीज की कालाबाजारी बंद करो (10) दुग्ध उत्पादक किसानों को ₹5 प्रति लीटर अनुदान दो(11) बिहार में फसल बीमा योजना पूर्ण रूप से लागू करो।


वहीं राज्य परिषद सदस्य किसान सभा काॅमरेड सत्यनारायण महतो ने कहा कि भारत सरकार ने पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया लेकिन किसानों का ऋण माफ नहीं किया।
काॅमरेड राम रतन सिंह राष्ट्रीय परिषद सदस्य ने कहा कि मोदी ने अमेरिकी सरकार के सामने घुटने टेक दिए हैं। मोदी सरकार ने अमेरिका से गुप्त समझौता किया है। अब अमेरिकी उत्पाद भारत के बाजार में बिना टैक्स के बिकेगा। सरकार ट्रंप के सामने झुक गई है। हमारी विदेश नीति अमेरिका परस्त हो गई है। आज के प्रदर्शन में जो हमारी मांगे हैं अगर इसे पूरी नहीं की जाती है तो जिला कार्यालय को चलने नहीं देंगे।


वही प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष काॅमरेड कृष्ण कुमार ने कहा कि आज हम लोग किसानों के विभिन्न सवालों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं बाजार में डेयरी से आने वाले दूध का दाम बढ़ गया है लेकिन किसानों के दूध का दाम नहीं बढ़ाया जा रहा है। हमारे इस आंदोलन को देखते हुए बरौनी डेयरी ने प्रति लीटर दूध पर ₹3 की बढ़ोतरी की है। लेकिन हमारी मांग है कि तत्काल प्रति लीटर ₹5 की बढ़ोतरी दूध पर की जाए।
अंत में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिला अधिकारी से मिलकर मांग पत्र सौंपा जिसमें जिला सचिव काॅमरेड दिनेश सिंह, राष्ट्रीय परिषद सदस्य काॅमरेड राम रतन सिंह, जिला अध्यक्ष काॅमरेड कृष्ण कुमार, राज्य परिषद सदस्य काॅमरेड सत्यनारायण महतो एवं जिला सहसचिव काॅमरेड राम नरेश महतो शामिल थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed